Haryana

हरियाणा नेशनल हाईवे 152 पर मिले संदिग्ध कैमरे, जासूसी कनेक्शन की आशंका से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट 

हरियाणा के अंबाला में नेशनल हाईवे-152 के ओवरब्रिज पर दो संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन कैमरों को सोलर सिस्टम से जोड़ा गया था और इनमें सिम कार्ड भी लगे हुए थे, जिससे इनके जरिए जासूसी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला गाजियाबाद में हाल ही में पकड़े गए जासूसी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसके तार पाकिस्तान से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी।

यह कैमरे उस समय सामने आए जब पुलिस एक अन्य मामले की जांच के दौरान मौके पर पहुंची थी। टोल मैनेजर और ट्रैफिक पुलिस से पूछताछ में पता चला कि यह कैमरे किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा नहीं लगाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैमरों को हटाकर कब्जे में ले लिया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन कैमरों को किसने और किस मकसद से लगाया था।