National

गणतंत्र दिवस 2026: कर्तव्य पथ पर पहली बार दिखेंगी भैरव बटालियन और शक्तिबान रेजिमेंट

77वें गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड में 6,000 से अधिक सैन्यकर्मी हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि इस बार भैरव बटालियन और शक्तिबान रेजिमेंट पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी। परेड में इस बार लद्दाख स्काउट्स भी भाग लेंगे। इसके साथ ही जांस्कर टट्टू, बैक्ट्रियन ऊंट और पतंग भी पहली बार कर्तव्य पथ पर नजर आएंगे।

शुक्रवार को कर्तव्य पथ पर परेड का पूर्ण ड्रेस रिहर्सल किया गया, जिसके चलते मध्य दिल्ली की कई सड़कें अस्थायी रूप से बंद रहीं। 26 जनवरी को होने वाली परेड में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 17 झांकियां और मंत्रालयों व विभागों की 13 झांकियां शामिल होंगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष का थीम “स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम” और “समृद्धि का मंत्र: आत्मनिर्भर भारत” रहेगा।

झांकियों में वंदे मातरम के 150 वर्षों की यात्रा, देश की सांस्कृतिक विविधता और आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाया जाएगा। इस बार डीआरडीओ भी अपने अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन करेगा, जिसमें लंबी दूरी की हाइपरसोनिक शिप-रोधी मिसाइल और लड़ाकू पनडुब्बियों से जुड़ी नौसैनिक तकनीक की झांकी प्रमुख होगी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े औपचारिक कार्यक्रमों के संचालन का नेतृत्व भारतीय वायु सेना कर रही है।