चंडीगढ़ प्रशासन ने बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के आरोप में मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह के नाइटक्लब ‘सागो बाय बादशाह’ को सील कर दिया है। सेक्टर-26 स्थित इस क्लब पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कहा कि क्लब प्रबंधन को नियमों के उल्लंघन दूर करने और निर्माण को नियमित कराने के लिए कई मौके दिए गए थे, लेकिन निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद एस्टेट ऑफिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत क्लब को सील करने का फैसला लिया।
प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण के दौरान क्लब परिसर में कई अनधिकृत निर्माण और बदलाव पाए गए। इनमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और दूसरी मंजिल पर बिना अनुमति बनाए गए केबिन, पार्टिशन, टॉयलेट, किचन और कोल्ड स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा खुले आंगनों को स्टील स्ट्रक्चर और फाइबर शीट से ढंकना, स्वीकृत नक्शे में बदलाव करना, टिन शेड और स्टोरेज एरिया बनाना तथा भवन की संरचना में अन्य परिवर्तन भी नियमों के खिलाफ पाए गए।
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने बताया कि क्लब को कई बार नोटिस जारी किए गए थे और सुधार के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन नियमों का पालन नहीं होने के कारण सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे के आदेश तक क्लब में किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। गौरतलब है कि ‘सागो’ क्लब इससे पहले वर्ष 2024 में हुए बम धमाके के मामले को लेकर भी सुर्खियों में रहा था। अब एक बार फिर यह हाई-प्रोफाइल क्लब चर्चा में है। इस कार्रवाई के साथ सेक्टर-26 के नाइटलाइफ हब में स्थित अन्य क्लबों और रेस्तरां पर भी प्रशासन की निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।









