Punjab

भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित ‘हमारे राम’ के 40 मुफ्त शो कराएगी पंजाब सरकार, पूरे प्रदेश में होगा आयोजन

पंजाब सरकार ने हालिया कैबिनेट बैठक में सांस्कृतिक, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्रों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए। इनमें सबसे प्रमुख फैसला राज्यभर में भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित नाटक ‘हमारे राम’ के 40 निशुल्क शो आयोजित करने का है। इन प्रस्तुतियों में जाने-माने अभिनेता आशुतोष राणा सहित देश के प्रतिष्ठित कलाकार भाग लेंगे। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी सांस्कृतिक मामलों के विभाग को सौंपी गई है और हर शहर में आम जनता के लिए प्रवेश मुफ्त रहेगा। सरकार इस पूरे कार्यक्रम का खर्च वहन करेगी।

वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और लोगों को भारतीय परंपरा व मूल्यों से जोड़ना है। राज्य के अलग-अलग शहरों में यह नाटक मंचित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

कृषि क्षेत्र में भी सरकार ने किसानों को राहत देने वाला फैसला लिया है। गन्ना उत्पादकों को राज्य सहमत मूल्य (SAP) के तहत ₹68.50 प्रति क्विंटल की सीधी सब्सिडी देने की मंजूरी दी गई है। इससे पंजाब में गन्ने का कुल दाम ₹416 प्रति क्विंटल हो जाएगा, जो देश में सबसे अधिक में शामिल है। इस फैसले से सरकारी खजाने पर लगभग ₹322 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा। आगामी पेराई सत्र 2025-26 में निजी चीनी मिलें किसानों को यह भुगतान करेंगी और बाद में सरकार से राशि समायोजित करेंगी।

स्वास्थ्य के मोर्चे पर ‘सीएम दी योगशाला’ योजना को और विस्तार देते हुए 1,000 नए योग प्रशिक्षकों के पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है। वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए ₹35 करोड़ का प्रावधान होगा। फिलहाल 635 प्रशिक्षक पहले से सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, कुछ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट के अधीन करने, खाली पड़ी सरकारी जमीन के बेहतर उपयोग, परियोजनाओं की समय-सीमा बढ़ाने और बागवानी क्षेत्र में विस्तार के लिए जापान से समझौते जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।