National

अब NTA ऑफिस में CISF का पहरा! NEET पेपर लीक के बाद बड़ा बदलाव, सुरक्षा होगी और सख्त

NEET-UG परीक्षा में पेपर लीक और प्रशासनिक खामियों को लेकर हुए विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। NTA के नए कार्यालय में कामकाज शुरू होने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की तैनाती की जाएगी। गृह मंत्रालय ने नए ऑफिस कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा के लिए CISF की तैनाती को मंजूरी दे दी है।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, NTA का नया कार्यालय दिल्ली के मिंटो रोड स्थित ‘गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस’ की इमारत में बनाया गया है। करीब 55 हजार वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र में फैले इस कॉम्प्लेक्स में NTA को पूरी पांचवीं मंजिल के अलावा चौथी और छठी मंजिल का कुछ हिस्सा मिला है। पिछले एक महीने के दौरान एजेंसी के गोपनीय और संवेदनशील कामकाज को नई इमारत में स्थानांतरित किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत कार्यालय में संवेदनशील और गोपनीय क्षेत्रों को अलग से चिन्हित किया गया है। इन इलाकों में कर्मचारियों और अन्य लोगों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री और प्रक्रियाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

यह कदम NEET-UG पेपर लीक मामले के बाद उठाया गया है। CBI की चार्जशीट में तीन विषय विशेषज्ञों पर पेपर से जुड़े सवालों को कथित तौर पर बाहर ले जाने का आरोप लगाया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि गोपनीय विभाग में उनकी आवाजाही की पर्याप्त जांच नहीं होती थी। नई सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य NTA की परीक्षाओं में गोपनीयता और सुरक्षा को मजबूत करना है।