National Punjab

LPU में हिंसक प्रदर्शन के बाद 10 दिन के लिए कक्षाएं बंद, घर लौट रहे छात्र

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में सोशल मीडिया पर फैली एक कथित अफवाह के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। कैंपस में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस पर पथराव की घटनाओं के बाद अब हालात शांत बताए जा रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अगले 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं और परीक्षाओं को भी आगे बढ़ा दिया है। इसके बाद हॉस्टल में रह रहे छात्र अपना सामान लेकर घर लौटने लगे हैं।

विवाद की शुरुआत एक छात्रा से जुड़ी कथित अनहोनी और आत्महत्या की अफवाह से हुई। यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैली, जिसके बाद बड़ी संख्या में छात्र गर्ल्स हॉस्टल के पास जमा हो गए। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया और कैंपस में खड़ी पुलिस की कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस पर पथराव की घटनाओं में कई जवानों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन का असर कैंपस के बाहर भी दिखाई दिया। छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बैठकर यातायात रोक दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में कैंपस में फ्लैग मार्च भी किया गया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही कथित घटना की खबरों को झूठा और आधारहीन बताया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच के लिए एसआईटी गठित की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल कैंपस में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।