डीए जारी करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और अन्य मांगों को लेकर पंजाब के सरकारी कर्मचारी संगठनों की वीरवार को हुई हड़ताल का असर मोहाली में भी साफ दिखाई दिया। कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण कई सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित रहा। हड़ताल के चलते सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रहीं। हालांकि मरीजों और आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गईं। वहीं, विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की गैरमौजूदगी के कारण लोगों के रोजमर्रा के काम अटक गए।
डीसी कार्यालय, खजाना कार्यालय, फूड सप्लाई विभाग, पटवारखाने और आरटीओ कार्यालय समेत कई विभागों में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। डीसी कार्यालय के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे। सांझी तालमेल कमेटी के सदस्यों ने पुडा भवन के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। टीचर्स एसोसिएशन समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके अलावा मंडी बोर्ड कार्यालय के बाहर भी कर्मचारियों ने धरना दिया।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने सामूहिक अवकाश लेकर सरकार के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया। हालांकि हड़ताल का असर मुख्य रूप से सरकारी विभागों और सेवाओं तक ही सीमित रहा। शहर के बाजार सामान्य रूप से खुले रहे। निजी स्कूल-कॉलेज और अन्य निजी शिक्षण संस्थानों में भी नियमित गतिविधियां जारी रहीं। रेल यातायात पर भी हड़ताल का कोई प्रभाव नहीं पड़ा और निजी परिवहन समेत अन्य सामान्य गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहीं।


