बारिश के चलते प्याज की सप्लाई प्रभावित होने से दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में इसकी कीमतें लगातार बढ़ रही थीं। कई जगह प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिकने लगी थी, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई थी। अब त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने दिल्लीवासियों को राहत देने के लिए 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। नासिक से ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए प्याज की खेप दिल्ली पहुंचाई गई है। इसके बाद NAFED के स्टॉल से सस्ते प्याज की बिक्री शुरू हो गई है। सरकार के मुताबिक, प्याज NCCF और NAFED के आउटलेट के अलावा मोबाइल वैन के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। NCCF के 90 आउटलेट और 40 मोबाइल वैन, जबकि NAFED के 13 आउटलेट और 50 मोबाइल वैन के जरिए प्याज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय भंडार के करीब 100 आउटलेट पर भी 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेचा जाएगा।
दिल्ली में इन इलाकों में मिलेगा 35 रुपये किलो प्याज
सस्ते प्याज की बिक्री के लिए दिल्ली के कई इलाकों में केंद्र बनाए गए हैं। इनमें CGO कॉम्प्लेक्स, कृषि भवन, NCUI कॉम्प्लेक्स, CR पार्क, पुष्पा भवन, काकाजी नगर, FCI बाराखंबा रोड, पंडारा पार्क, आश्रम, किदवई नगर, बिकाजी कामा प्लेस, दिल्ली कैंट, INA मार्केट, लाजपत नगर, जंगपुरा, विश्वविद्यालय मेट्रो, संत नगर, नरेला, अलीपुर, बकोली, स्वरूप नगर, शाहाबाद, सदर बाजार, रोहिणी सेक्टर-22, अवंतिका, विजय विहार, नाथूपुरा, शालीमार बाग, शिव राम पार्क, इंद्रलोक, बुध विहार, लोकनायक पुरम, टिकरी बॉर्डर, नजफगढ़ बस स्टैंड, कीर्ति नगर, भजनपुरा, अशोक पार्क, बवाना JJ कॉलोनी और प्रेम नगर शामिल हैं। सरकार की इस पहल से उन उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो पिछले कुछ दिनों से प्याज की बढ़ती कीमतों का सामना कर रहे थे। बारिश के कारण आपूर्ति प्रभावित होने के बाद अब ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए दिल्ली में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने की कोशिश की गई है।


