पंजाब में अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाना है। इस अभियान के तहत पुलिस ने पहले दिन ही राज्य भर में व्यापक छापेमारी कर विदेशी लिंक वाले गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की पहचान की। पंजाब पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार में कुल 12,000 पुलिसकर्मी 2,000 से अधिक टीमों में तैनात किए गए।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था, अर्पित शुक्ला ने बताया कि पहले दिन 1,314 गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को हिरासत में लिया गया है और उनकी गहन जांच की जा रही है। राज्य पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी तेज़ी से की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी मदद की अपील की है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति वांछित अपराधियों या किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधियों की जानकारी इस नंबर पर गुप्त रूप से साझा कर सकता है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार पूरे राज्य में अगले 72 घंटों तक व्यापक स्तर पर जारी रहेगा और इसका मकसद पंजाब को अपराध मुक्त बनाना है।इस मुहिम के माध्यम से पंजाब सरकार और पुलिस यह संदेश देना चाहती है कि अपराधियों के लिए अब राज्य में कोई जगह नहीं है, और आम जनता की सहभागिता से यह अभियान और प्रभावी बनेगा।









