National Politics

INDIA ब्लॉक की बैठक में 2029 पर पूर्व सीएम का बड़ा दावा, बोलीं- राहुल गांधी बनेंगे प्रधानमंत्री

दिल्ली में 30 सितंबर को हुई INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने 2029 लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2029 में विपक्ष को बहुमत मिलेगा और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी 2029 में विपक्ष का चेहरा होंगे, तो उन्होंने जवाब दिया कि वह सिर्फ चेहरा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा, “इंशा अल्लाह, 2029 में राहुल गांधी पीएम होंगे।”

हालांकि, CPI (ML) नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने इस मुद्दे पर अलग रुख रखते हुए कहा कि राहुल गांधी को लेकर प्रधानमंत्री पद का सवाल बैठक का विषय नहीं था। उन्होंने कहा कि फिलहाल विपक्ष का मुख्य मुद्दा मौजूदा सरकार को हटाना और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठाना है। INDIA ब्लॉक की यह आठवीं बैठक दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में करीब साढ़े तीन घंटे चली। बैठक में 20 विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया, जबकि कुछ नेता वर्चुअली भी जुड़े। बैठक में SIR यानी वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन, EVM-VVPAT और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के बाद बताया कि गठबंधन ने लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर छह सूत्रीय कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकालने का फैसला लिया गया है। 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। इसके अलावा INDIA ब्लॉक के नेता राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगेंगे और देशभर में पांच बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना है। 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित बड़ी रैली में वोटर लिस्ट और ‘वोट चोरी’ से जुड़े मुद्दे उठाने की बात कही गई है। गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में SIR से संबंधित मामलों की जल्द सुनवाई की मांग भी रखी है।