National Punjab

पंजाब: पोटाश खाद के दाम में 800 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी, किसानों की बढ़ी चिंता

खाद की बढ़ती कीमतों के बीच किसानों को एक और झटका लगा है। पोटाश खाद के दाम में 800 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद 50 किलोग्राम पोटाश खाद के बैग की कीमत सितंबर 2025 में 1800 रुपये से बढ़कर अब 2200 रुपये हो गई है। इससे पहले करीब एक महीने पूर्व एनपीके खाद के 12:32:16 ग्रेड के दाम में भी 1100 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई थी।

खाद की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर किसान संगठनों ने चिंता जताई है। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल टिकैत के प्रदेश महासचिव सरूप सिंह रामां ने पोटाश के बढ़े दामों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार महंगी हो रही कृषि सामग्री से किसानों की उत्पादन लागत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि डीजल, कृषि मशीनरी, मजदूरी और अन्य जरूरी संसाधनों की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी हो चुकी है। ऐसे में खाद के दाम बढ़ने से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। किसानों को एक तरफ खेती की बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर फसलों का उचित मूल्य हासिल करना भी चुनौती बना हुआ है।

सरूप सिंह रामां के मुताबिक, देश में हर वर्ष करीब 40 लाख टन पोटाश खाद का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इसकी कीमत में हुई वृद्धि का असर बड़ी संख्या में किसानों पर पड़ना स्वाभाविक है। किसान संगठन ने केंद्र सरकार से खाद पर सब्सिडी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार को कृषि लागत को ध्यान में रखते हुए खाद की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण और किसानों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि बढ़ती लागत का बोझ कम किया जा सके।