Punjab

पंजाब चुनाव: अमित शाह की अगुवाई में BJP ने बनाई रणनीति, सभी 117 सीटों पर लड़ने का संकेत

पंजाब विधानसभा चुनाव भले ही अगले साल होने हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पिछले कुछ वर्षों से पंजाब में संगठन विस्तार और राजनीतिक आधार मजबूत करने में जुटे हैं। अब चुनाव में एक साल से भी कम समय बचने के चलते उन्होंने खुद कमान संभालते हुए रणनीति को निर्णायक दिशा दी है। इसी सिलसिले में पंजाब भाजपा के शीर्ष नेताओं की एक अहम बैठक शुक्रवार रात हुई, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक से पहले अमित शाह ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की और बाद में भाजपा मुख्यालय में कोर टीम के साथ विस्तृत मंथन किया। इस दौरान राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और चुनावी माहौल पर गहन विचार-विमर्श हुआ। बैठक में कानून व्यवस्था, नशे की समस्या और आर्थिक हालात जैसे मुद्दों को चुनावी एजेंडा बनाने पर सहमति बनी। पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया है। इसके तहत भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का पंजाब दौरा प्रस्तावित है और लुधियाना में बड़ी कार्यकर्ता बैठक की तैयारी चल रही है, जिसमें हजारों बूथ स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बैठक में कई वरिष्ठ नेता और संगठन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आगामी चुनाव में सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे अकाली दल के साथ गठबंधन की संभावनाएं लगभग समाप्त मानी जा रही हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि जनता के बीच सरकार विरोधी मुद्दों को मजबूती से उठाकर चुनावी बढ़त हासिल की जा सकती है और पंजाब में राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश की जाएगी।