National

CTET 2026 के लिए फिर खुला आवेदन का मौका, 1 सितंबर तक कर सकेंगे अप्लाई

CTET की तैयारी कर रहे उन अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है, जो किसी वजह से इस बार आवेदन नहीं कर पाए थे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) की 22वीं परीक्षा के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 1 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। CBSE की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, दोबारा आवेदन का यह अवसर उन अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे। आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हुई है और इसकी अंतिम तारीख 1 सितंबर निर्धारित की गई है। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही CTET के लिए सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

बोर्ड ने आवेदन विंडो दोबारा खोलने के फैसले के पीछे सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश का भी उल्लेख किया है, जिसमें पात्र शिक्षकों के लिए TET योग्यता को आवश्यक बताया गया है। CBSE ने कहा कि उम्मीदवारों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए उन्हें परीक्षा में शामिल होने का एक और अवसर दिया जा रहा है। गौरतलब है कि CBSE अब तक CTET की 21 परीक्षाएं आयोजित कर चुका है। 21वीं CTET परीक्षा का परिणाम 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था। इसके बाद 8 मई को 22वीं परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी हुआ और 11 मई से 10 जून 2026 तक आवेदन लिए गए थे। अब छूटे हुए अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया फिर शुरू की गई है। परीक्षा की संशोधित तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। CBSE के मुताबिक आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। संभावना है कि परीक्षा अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में आयोजित की जा सकती है।