Gujrat

सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूरे, PM मोदी ने 11 तीर्थों के पवित्र जल से किया अभिषेक

गुजरात के प्रसिद्ध Somnath Temple में सोमवार को ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव-2026’ बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। स्वतंत्र भारत में पुनर्निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने विशेष रूप से भाग लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर के शिखर का अभिषेक किया। लगभग 90 मीटर ऊंची क्रेन की सहायता से यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। समारोह के गौरवशाली क्षणों में भारतीय वायुसेना के चेतक हेलिकॉप्टरों ने मंदिर पर पुष्पवर्षा की, जबकि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने आसमान में शानदार एयर शो प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शिवाभिषेक से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हेलिपैड से मंदिर तक करीब दो किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया। रास्ते में उन्होंने Sardar Vallabhbhai Patel की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।

इतिहास में 11 मई 1951 का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन स्वतंत्र भारत में नए स्वरूप में बने सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इसके साथ ही वर्ष 1026 में महमूद गजनवी द्वारा मंदिर पर किए गए आक्रमण के 1000 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं, जिससे यह आयोजन और अधिक ऐतिहासिक बन गया।

सोमनाथ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा रवाना होंगे, जहां वे 150 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘सरदारधाम-3’ शैक्षणिक एवं आवासीय परिसर का उद्घाटन करेंगे। यह परिसर पाटीदार समुदाय के लगभग 2,000 छात्रों के लिए तैयार किया गया है।