सलमान खान की बहुप्रतीक्षित वॉर-ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के नए वर्जन को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने संतुष्टि जताते हुए पिछले सप्ताह NOC जारी कर दी है। फिल्म पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से बनाई जा रही थी और 2020 के गलवान घाटी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में भारत-चीन संबंधों से जुड़े हिस्सों में बदलाव और दोबारा शूटिंग के बाद संशोधित वर्जन तैयार किया गया है।
अब फिल्म को CBFC सर्टिफिकेशन के लिए भेजा जाना बाकी है। अगर सेंसर बोर्ड से इस महीने मंजूरी मिल जाती है, तो रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स 13 नवंबर 2026 को फिल्म रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, यह तारीख अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है और इसमें सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। लंबे इंतजार और कई बदलावों के बाद अब फिल्म की रिलीज की दिशा में एक अहम कदम जरूर आगे बढ़ा है, लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने की अंतिम तारीख CBFC की मंजूरी और मेकर्स की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।


