कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद नए स्वरूप में फिर से शुरू कर दिया है। इस अपग्रेड के साथ संगठन ने कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए हैं, जिनका सीधा असर करोड़ों ईपीएफओ सदस्यों और नियोक्ताओं पर पड़ेगा। सबसे बड़ा बदलाव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़ा है। अब सदस्य EPFO के वेब पोर्टल के जरिए न तो नया UAN जनरेट कर सकेंगे और न ही उसे एक्टिवेट कर पाएंगे। यह पूरी प्रक्रिया अब केवल भारत सरकार के UMANG ऐप के माध्यम से ही पूरी होगी।
UAN एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऐप में लॉग इन कर EPFO Services सेक्शन में जाएं और “UAN Services through Face Authentication” के तहत UAN Activation विकल्प चुनें। यहां आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। प्रक्रिया पूरी होते ही आपका UAN सफलतापूर्वक सक्रिय हो जाएगा। नया UAN जारी करने की सुविधा भी अब इसी ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
EPFO ने पोर्टल का इंटरफेस भी पूरी तरह नया बनाया है ताकि ऑनलाइन सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बन सकें। कई महत्वपूर्ण सेवाओं को सीधे होम पेज पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे सदस्यों को बार-बार अलग-अलग सेक्शन में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। संगठन ने बताया है कि नई प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है और शुरुआती दो सप्ताह तक दावों व अन्य सेवा अनुरोधों की अतिरिक्त सत्यापन के साथ प्रोसेसिंग की जाएगी, ताकि सेवाओं की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। वहीं, UMANG ऐप केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारी विभागों की 1,700 से अधिक डिजिटल सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है और यह 22 भारतीय भाषाओं में इस्तेमाल किया जा सकता है।


