उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी नई प्रदेश संगठनात्मक टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने नए पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
नई टीम में कुल 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 18 मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही पार्टी ने छह क्षेत्रीय अध्यक्षों और छह मोर्चा अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान किया है। भाजपा ने वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके अलावा पूजा पाल और सुरेश राणा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश भाजपा का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। वहीं विभिन्न मोर्चों के लिए भी नए अध्यक्षों की घोषणा की गई है। देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, श्रीप्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा, रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा और सरोज कुशवाहा को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा की इस नई संगठनात्मक टीम को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र संगठन को और अधिक सक्रिय तथा मजबूत बनाने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य नए और अनुभवी चेहरों के संतुलन के साथ चुनावी तैयारियों को गति देना है।









