Meta ने अपने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए हजारों कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कंपनी ने लगभग 8,000 कर्मचारियों, यानी कुल वर्कफोर्स के करीब 10 प्रतिशत लोगों को नौकरी से हटाने का फैसला लिया है। इस कदम की जानकारी कर्मचारियों को पहले ही अप्रैल में दे दी गई थी, लेकिन 20 मई को यह प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हुई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे पहले सिंगापुर में कर्मचारियों को तड़के ईमेल भेजकर नौकरी समाप्त होने की सूचना दी गई। इसके बाद अलग-अलग टाइम ज़ोन के अनुसार ब्रिटेन, अमेरिका और अन्य देशों में कर्मचारियों को जानकारी दी गई। इससे पहले कंपनी ने कर्मचारियों को निर्देश दिया था कि 20 मई को ऑफिस बंद रहेंगे और सभी लोग वर्क फ्रॉम होम करेंगे। बताया जा रहा है कि कंपनी के अंदर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़े स्तर पर पुनर्गठन किया जा रहा है। मेटा अब अपनी कार्यप्रणाली को AI आधारित तकनीक के अनुरूप तैयार करना चाहती है, ताकि कम कर्मचारियों के साथ अधिक तेजी और कम लागत में काम किया जा सके।
कंपनी केवल छंटनी ही नहीं कर रही, बल्कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों को नई AI टीमों में भी स्थानांतरित किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 7,000 कर्मचारियों को AI से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स में लगाया जाएगा। इसके साथ ही प्रबंधन स्तर के कई पदों में भी कटौती की जा रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, मेटा इस वर्ष AI और नई तकनीकों पर भारी निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी का लक्ष्य कार्यस्थल ऑटोमेशन और AI आधारित सिस्टम को मजबूत करना है। इसी रणनीति के तहत संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।









