Haryana

हरियाणा में होमगार्ड विभाग में बड़ा भर्ती घोटाला उजागर, ACB ने दर्ज की FIR

हरियाणा में होमगार्ड वेलफेयर एवं भर्ती से जुड़े एक बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और फर्जी नामांकन के गंभीर आरोप सामने आए हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने होमगार्ड विभाग के अज्ञात अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है, हालांकि अब तक किसी वरिष्ठ अधिकारी को पूछताछ के लिए तलब नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार यह अनियमितताओं का मामला वर्ष 2010 से 2025 के बीच का बताया जा रहा है। वर्ष 2021 में राज्य मुख्यालय द्वारा 13 स्वयंसेवकों के पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी गई थी, लेकिन बाद की जांच में सामने आया कि इनमें से 11 लोगों के नाम लॉन्ग रोल रजिस्टर में कथित रूप से फर्जी तरीके से दर्ज किए गए थे। जांच में यह भी पाया गया कि उनके नामांकन फॉर्म, ड्यूटी रिकॉर्ड और भुगतान संबंधी दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे।

जांच अधिकारियों ने रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ मामलों में भर्ती की तारीख रविवार और सेवा मुक्ति की तारीख सरकारी अवकाश के दिन दर्ज की गई, जिसे सुनियोजित फर्जीवाड़े का संकेत माना जा रहा है। साथ ही तत्कालीन स्तर पर रिकॉर्ड में हेराफेरी और फर्जी प्रविष्टियों के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित रिकॉर्ड जब्त कर लिया है और 11 लोगों की पुनर्नियुक्ति मंजूरी रद्द करने की सिफारिश की है। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर विभागीय व कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और यह सवाल बना हुआ है कि जिम्मेदारी तय करते हुए जांच की आंच उच्च अधिकारियों तक कब पहुंचेगी।