देश की सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित आतंकी सिंडिकेट शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, सुरक्षा बलों ने देश के 14 राज्यों में एक साथ अभियान चलाकर नेटवर्क से जुड़े 200 से अधिक संदिग्धों और ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 80 से ज्यादा FIR दर्ज की गईं। गृह मंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से भारत में आतंकी हमलों की कथित साजिशों को नाकाम किया गया है। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का प्रभावी उदाहरण बताया।
अभियान के दौरान एजेंसियों ने कई स्थानों से IED, ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और CCTV कैमरों समेत अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की। अमित शाह के मुताबिक, बरामद किए गए कुछ ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग भी पाई गई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नेटवर्क की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज में शहजाद भट्टी नेटवर्क को पाकिस्तान में सक्रिय और ISI के समर्थन वाला आतंकी सिंडिकेट बताया गया है। मंत्रालय के अनुसार, यह नेटवर्क भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ लक्षित हत्याओं से जुड़ा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य पुलिस बलों के साथ रियल-टाइम इंटेलिजेंस साझा की गई और कई राज्यों में समन्वित कार्रवाई की गई। सरकार ने इसे सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ अपनी सख्त नीति का हिस्सा बताया है।


