LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। गैस कनेक्शन की e-KYC कराने की अंतिम तारीख 16 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। हालांकि, समय सीमा बढ़ने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों पर सर्वर डाउन, मोबाइल ऐप में तकनीकी खामी और ऑनलाइन सिस्टम की धीमी गति के चलते लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करने के बाद भी e-KYC पूरी नहीं होने की शिकायत है। खासतौर पर 15 अगस्त को सर्वर की समस्या के कारण बड़ी संख्या में आवेदन लंबित रह गए, जिससे एजेंसियों पर बैकलॉग बढ़ गया।
e-KYC के लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे संबंधित कंपनी के मोबाइल ऐप से भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। भारत गैस ग्राहक Hello BPCL ऐप, इंडेन ग्राहक IndianOil ONE ऐप और HP गैस ग्राहक HP Pay ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए आधार, पैन और फोटो जैसे जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहतर है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि आखिरी तारीख से पहले e-KYC पूरी कर लें, ताकि अंतिम दिनों की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।


