Business

BRICS में भारत का बड़ा दांव, 11 देशों को डिजिटल पेमेंट से जोड़ने की तैयारी

नई दिल्ली में सितंबर में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में भारत डिजिटल पेमेंट को लेकर एक अहम प्रस्ताव पेश कर सकता है। भारत का फोकस सदस्य देशों के बीच सीमा पार डिजिटल लेनदेन को आसान, तेज और कम लागत वाला बनाने पर रहेगा। इसके साथ ही सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) के इस्तेमाल और अलग-अलग देशों के फास्ट पेमेंट सिस्टम को आपस में जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।

12 और 13 सितंबर को होने वाले सम्मेलन में BRICS के 20 साल पूरे होने का अवसर भी मनाया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, भारत इस दिशा में आगे की रणनीति तय करने के लिए अगले सप्ताह एक हाईलेवल बैठक आयोजित कर सकता है। बैठक में राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने और डिजिटल करेंसी के जरिए सीमा पार भुगतान को सुगम बनाने के विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

भारत की पहल का उद्देश्य किसी देश के खिलाफ वैकल्पिक भुगतान व्यवस्था खड़ी करना नहीं, बल्कि BRICS देशों के बीच व्यापार को अधिक सुविधाजनक बनाना है। हालांकि, CBDC को लेकर सबसे बड़ी चुनौती इंटरऑपरेबिलिटी की है। अलग-अलग देशों की डिजिटल करेंसी और भुगतान प्रणालियों को जोड़ने के लिए तकनीकी और नियामकीय तालमेल जरूरी होगा। इसके अलावा BRICS में कस्टम सहयोग और ग्लोबल वैल्यू चेन को मजबूत करने पर भी चर्चा संभावित है। इससे व्यापार की लागत घटाने और सप्लाई चेन को अधिक मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।