भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने अपना दबदबा कायम रखते हुए वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की. इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम तीसरे दिन 248 रन पर सिमट गई और वह पहली पारी के आधार पर 270 रन से पीछे रह गई.
भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके. यह उनके टेस्ट करियर का पाँचवाँ “फाइव विकेट हॉल” रहा. उन्होंने शुरुआत में ही शाई होप (36), तेविन इमलाक (21) और जस्टिन ग्रीव्स (17) को आउट कर वेस्टइंडीज की रीढ़ तोड़ दी. बाद में उन्होंने जेडन सील्स (13) को आउट कर अपना पांच विकेट पूरा किया.
रवींद्र जडेजा ने भी तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली. वेस्टइंडीज की ओर से सबसे ज्यादा रन ऐलिक एथनाजे (41) और एंडरसन फिलिप (24 नाबाद) ने बनाए. टीम ने आज 140/4 से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन मात्र 108 रन जोड़कर बाकी के 6 विकेट गंवा दिए. भारतीय गेंदबाजों के आगे वेस्टइंडीज का बल्लेबाज़ी क्रम टिक नहीं पाया और टीम फॉलोऑन झेलने को मजबूर हो गई.









