बिलासपुर के लुहणु मैदान में 21 नवंबर को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विशेष रूप से पहुंचेंगे और बहुप्रतीक्षित ‘जल तरंग’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिवसीय महोत्सव 21 से 23 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसमें कयाकिंग, केनोइंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। युवाओं में इन खेलों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।मुख्यमंत्री सुक्खू कार्यक्रम के दौरान जल तरंग मेले में लगाए जाने वाले विभिन्न स्टॉलों और आजीविका मेले का भी निरीक्षण करेंगे, जहां स्थानीय उत्पादों और व्यास प्योर प्रोडक्ट से संबंधित गतिविधियों को प्रमोट किया जाएगा।
कार्यक्रम की सांस्कृतिक संध्या भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पहली संध्या में गायक गौरव कौंडल अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरी संध्या में गीता भारद्वाज और ए.सी. भारद्वाज मंच संभालेंगे, जबकि तीसरी संध्या में कुमार साहिल और नाटी किंग कुलदीप शर्मा अपनी संगीतमय प्रस्तुति से माहौल को रोमांचक बनाएंगे। इसके अतिरिक्त, चिट्ठा एंजेट अभियान के तहत बॉडीबिल्डिंग और वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू लुहणु मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महोत्सव में जल शक्ति, लोक निर्माण, पुलिस, खेल, पर्यटन, विद्युत परिषद, नगर परिषद, एनडीआरएफ और होमगार्ड सहित कई विभागों के अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बिलासपुरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोग इस उत्सव में भाग लेकर खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मेले का आनंद ले सकते हैं।









