Delhi

सत्य निकेतन हादसे के बाद एक्शन में एलजी, छात्रों के लिए किफायती PG बनाने की तैयारी

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने से छात्रों की मौत के बाद प्रशासन ने छात्र आवास की सुरक्षा को लेकर कदम तेज कर दिए हैं। इसी सिलसिले में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को डीडीए के अधिकारियों के साथ बैठक की और छात्रों के लिए सुरक्षित एवं किफायती पीजी आवास तैयार करने की दिशा में काम शुरू करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने अपने कार्यालय में डीडीए के वाइस चेयरमैन सरवन कुमार से मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्होंने डीडीए को ऐसी उपयुक्त जमीन चिन्हित करने को कहा, जहां छात्रों के लिए पीजी बनाए जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने जमीन की पहचान के बाद विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने और संबंधित विश्वविद्यालयों के अधिकारियों को भी इसमें शामिल करने के निर्देश दिए।

एलजी ने कहा कि छात्रों को सुरक्षित, बेहतर और सम्मानजनक माहौल में उचित दर पर रहने की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने शहर में हॉस्टल की जरूरत को देखते हुए नए मास्टर प्लान के तहत इस दिशा में काम शुरू करने पर भी जोर दिया। बैठक की जानकारी उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने डीडीए अधिकारियों के साथ बैठक की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।