दिल्ली-NCR में H1N1 (स्वाइन फ्लू) और सांस से जुड़ी अन्य बीमारियों के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 1,777 नए मामले सामने आने के बाद दिल्ली में संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी संक्रमण की स्थिति, अस्पतालों की तैयारियों और मरीजों के इलाज से जुड़े इंतजामों की समीक्षा करेंगे। बदलते मौसम और उमस के बीच फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, मरीजों में बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। कुछ मामलों में ऑक्सीजन स्तर कम होने की समस्या भी सामने आई है। ऐसे में गंभीर श्वसन संक्रमण वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी H1N1 की स्थिति को लेकर बैठक बुलाई है। अधिकारियों को अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, बेड और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं, एक सरकारी अस्पताल के प्रमुख और कुछ डॉक्टरों समेत कई लोगों के संक्रमित पाए जाने से अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है।


