National

चीनी मोबाइल कवर के बढ़ते आयात पर सरकार की नजर, लग सकता है अतिरिक्त शुल्क

चीन से भारत आने वाले सस्ते मोबाइल कवर को लेकर सरकार अतिरिक्त शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। वाणिज्य मंत्रालय के तहत डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज (DGTR) ने चीन से आयात होने वाले कुछ मोबाइल कवर पर पांच साल तक एंटी-डंपिंग ड्यूटी लगाने की सिफारिश की है। प्रस्ताव के तहत प्रति 1,000 कवर पर 72 डॉलर यानी करीब 7 रुपये प्रति कवर का शुल्क लग सकता है।

DGTR की जांच के मुताबिक, चीन से भारत आने वाले मोबाइल कवर का आयात पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021-22 में जहां करीब 10 लाख कवर आयात हुए थे, वहीं 2023-24 तक यह आंकड़ा लगभग 765 लाख तक पहुंच गया। इसी अवधि में औसत कीमत भी करीब 18 रुपये से घटकर 2024-25 में लगभग 2.14 रुपये प्रति कवर रह गई।

सस्ते आयात का असर घरेलू निर्माताओं पर भी पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी 98 फीसदी से घटकर करीब 49 फीसदी रह गई, जबकि चीनी कवर की हिस्सेदारी लगभग 51 फीसदी हो गई। कई घरेलू इकाइयों के उत्पादन और क्षमता उपयोग पर भी असर पड़ा है।

हालांकि, प्रस्तावित शुल्क सभी कवर पर लागू नहीं होगा। कुछ चीनी कंपनियों और अरामिड फाइबर से बने महंगे कवर को इससे बाहर रखने की सिफारिश की गई है। फिलहाल यह ड्यूटी लागू नहीं हुई है। अंतिम फैसला वित्त मंत्रालय की मंजूरी और अधिसूचना के बाद होगा। संभावित शुल्क का अंतिम कीमत पर असर 1 फीसदी से कम रहने का अनुमान है।