भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। चहल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि क्रिकेट से उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है और वह वनडे व टी20 क्रिकेट में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
36 वर्षीय चहल ने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मुकाबला लॉर्ड्स में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेला। इसके साथ ही उनके रेड-बॉल क्रिकेट करियर का अंत हो गया। चहल ने भारत के लिए कभी टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला, लेकिन सीमित ओवरों के क्रिकेट में उन्होंने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए अहम भूमिका निभाई है।
अपने भावुक संदेश में चहल ने बताया कि उन्होंने महज 10 साल की उम्र में पहली बार रेड बॉल पकड़ी थी। उनके मुताबिक, फर्स्ट-क्लास क्रिकेट ने उन्हें धैर्य, मजबूती और लंबे समय तक मैदान पर संघर्ष करने का महत्व सिखाया। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके करियर का एक सपना था, जो पूरा नहीं हो सका, लेकिन वह अपने सफर से संतुष्ट हैं।
चहल ने यह भी कहा कि देश के लिए खेलने की उनकी इच्छा अभी खत्म नहीं हुई है। वह वनडे और टी20 क्रिकेट में एक और मौका हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगाने को तैयार हैं। उन्होंने हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों और अपने समर्थकों का भी आभार जताया।चहल के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 96 विकेट लिए हैं। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनके नाम 49 मैचों में 148 विकेट दर्ज हैं।



