कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चुनाव आयोग में कथित असहमति और वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि यदि कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आंदोलन मुंबई से शुरू होकर देश के अन्य शहरों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने गांधी जयंती के मौके पर समर्थकों से ‘लोकतंत्र बचाने’ के लिए प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
प्रदर्शन को देखते हुए दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी तिरंगा और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लेकर शिवाजी पार्क पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान CJP नेता अभिजीत दिपके ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने NEET पेपर लीक के मुद्दे पर हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ ही समय बाद एक और आंदोलन की जरूरत पड़ गई है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करना चाहती है तो ऐसा करके दिखाए।
इस आंदोलन को शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की ओर से समर्थन मिलने की बात कही गई है। प्रदर्शन में SFI और AISF से जुड़े कार्यकर्ताओं के अलावा अभिनेत्री शबाना आज़मी, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, गायक विशाल ददलानी और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी के शामिल होने का भी दावा किया गया। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान अभिजीत दिपके के खिलाफ भी नारेबाजी हुई। कुछ लोगों ने ‘अभिजीत दिपके वापस जाओ’ के नारे लगाए। इस बीच पुलिस की कड़ी निगरानी में प्रदर्शन जारी रहा।


