National

फेस्टिव सीजन से पहले LPG संकट पर सरकार अलर्ट, सप्लाई बढ़ाने के लिए तैयार किया Plan-B

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और समुद्री मार्गों पर सप्लाई में आ रही अड़चनों के बीच भारत ने घरेलू LPG जरूरतों को पूरा करने की तैयारी तेज कर दी है। होर्मुज स्ट्रेट और बाब-अल-मंदेब जैसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों पर अनिश्चितता का असर खाड़ी देशों से होने वाली LPG आपूर्ति पर पड़ सकता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली रसोई गैस की मांग को देखते हुए सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी स्वामित्व वाली रिफाइनरियां घरेलू LPG उत्पादन बढ़ा रही हैं। इन रिफाइनरियों का उत्पादन करीब 44,000 टन प्रतिदिन तक पहुंच गया है, जो अगस्त के औसत उत्पादन से लगभग 20 फीसदी अधिक है। भारत में दिवाली तक LPG की खपत बढ़ने की उम्मीद है और इसके बाद सर्दियों की मांग भी सप्लाई पर दबाव बढ़ा सकती है। सरकार ने LPG की उपलब्धता बनाए रखने के लिए राज्यों और प्रमुख उद्योगों के लिए आपूर्ति आवंटन भी तय किया है। इसके अलावा, LPG संकट के दौरान लागू किए गए रिफिल वेटिंग पीरियड में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां दो रिफिल के बीच 45 दिनों का अंतर रखा गया था, उसे घटाकर 25 दिन कर दिया गया है।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG आयातक है और इसकी आपूर्ति में खाड़ी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर देश की ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ सकता है। वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। मुंबई में यह 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और नोएडा में 939.50 रुपये है। हैदराबाद में इसकी कीमत 994 रुपये है। वहीं, दिल्ली में 19 किलोग्राम कमर्शियल LPG सिलेंडर 2,747.50 रुपये और मुंबई में 2,701 रुपये का है।