हरियाणा की जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिसार में पुलिस वाहन ने उन्हें कुचलने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी ने उन पर पिस्तौल तान दी। चौटाला ने दावा किया कि वह गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में हुए प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किए गए पार्टी कार्यकर्ताओं के मामले में हिसार एसपी से मिलने जा रहे थे, तभी क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) के कर्मियों ने उनकी गाड़ी को रोककर कथित रूप से उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की। JJP नेता ने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और उन्होंने सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो भी साझा किए।
इससे पहले दिन में दुष्यंत चौटाला, युवा JJP अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और पार्टी कार्यकर्ता हिसार सिटी थाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने हिरासत में लिए गए छात्रों की रिहाई की मांग की। पार्टी का कहना है कि उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रशासन से छात्रों से मिलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। चौटाला ने इस पूरी घटना को “पुलिस गुंडागर्दी” करार देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। घटना के बाद चौटाला ने हिसार एसपी से मुलाकात कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।









