Delhi

सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD पर बड़ी कार्रवाई, डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारी निलंबित

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के करीब 24 घंटे के भीतर दक्षिणी जोन के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई MCD कमिश्नर के निर्देश पर की गई है और अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी जारी रहेगी। निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE-Building) ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर (AE-Building) सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर (JE) आशीष कुमार शामिल हैं। MCD के विजिलेंस विभाग ने सभी अधिकारियों के लिए अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किए हैं।

दरअसल, बिल्डिंग विभाग की जिम्मेदारी निर्माण गतिविधियों की निगरानी करने और भवन नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने की होती है। ऐसे में बिना अनुमति निर्माण या स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की भूमिका और निगरानी व्यवस्था जांच के दायरे में आ सकती है। MCD कमिश्नर संजीव खिरवार के मुताबिक, हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ढही इमारत से सटी दूसरी इमारत भी कमजोर हो गई है, जिसे सुरक्षित करने का काम किया गया। प्रशासन अब उसे योजनाबद्ध तरीके से गिराने की तैयारी कर रहा है। कमिश्नर ने यह भी कहा कि हादसे वाली इमारत 1970 के दशक में बनी थी और उसके खिलाफ पहले कोई नोटिस या सीलिंग कार्रवाई दर्ज नहीं थी।