दिल्लीवासियों को जल्द ही आसमान से राजधानी की खूबसूरती देखने का मौका मिल सकता है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) सराय काले खां स्थित बांसेरा पार्क में 14 नवंबर से हॉट एयर बैलून राइड दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस रोमांचक गतिविधि के जरिए लोग जमीन से करीब 150 फीट की ऊंचाई तक जाकर आसपास के इलाकों और यमुना के नजदीकी हिस्सों का नजारा देख सकेंगे।
हॉट एयर बैलून की सवारी में एक बार में चार लोग बैठ सकेंगे। यह राइड करीब 7 से 12 मिनट तक चल सकती है। सुरक्षा और संचालन की व्यवस्था के तहत बैलून को रस्सियों से बांधकर एक निश्चित स्थान पर ऊपर उठाया जाएगा और फिर नीचे उतारा जाएगा। यानी यह खुले आसमान में दूर तक जाने वाली यात्रा नहीं, बल्कि नियंत्रित तरीके से ऊंचाई पर जाने का अनुभव होगा। पिछले साल इस राइड के लिए प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत लगभग 2,300 रुपये रखी गई थी। इस बार अधिक लोगों को आकर्षित करने के लिए टिकट की दर कम करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, नई कीमतों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आयोजकों के मुताबिक, मौसम अनुकूल रहने पर सुबह और शाम के समय बैलून राइड संचालित की जा सकती है। हालांकि, बुकिंग, समय और संचालन से जुड़ी अंतिम जानकारी का इंतजार है। पिछले साल DDA ने बांसेरा पार्क समेत कई स्थानों पर इस गतिविधि की योजना बनाई थी। फिलहाल अन्य स्थानों पर विस्तार की योजना रुकी हुई है। ऐसे में शुरुआत में लोगों को बांसेरा पार्क में ही इस रोमांचक अनुभव का मौका मिलने की संभावना है।


