Delhi

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुरू हुआ रोबोटिक कैफे, रोबोट बनाएगा कॉफी और परोसेगा चाय-आइसक्रीम

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए खानपान का नया और आधुनिक अनुभव शुरू हुआ है। एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में गेट नंबर 42 के पास रोबोटिक कैफे की शुरुआत की गई है। यहां रोबोट यात्रियों के ऑर्डर के अनुसार कॉफी तैयार करने से लेकर उसे पिकअप विंडो तक पहुंचाने का काम करेगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस कैफे का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।

इस रोबोटिक कैफे की खासियत इसकी स्वचालित व्यवस्था है। यात्री स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों में से अपनी पसंद का पेय चुनकर ऑर्डर दे सकते हैं। इसके बाद रोबोटिक आर्म कप उठाकर कॉफी मशीन के नीचे रखता है। पेय तैयार होने के बाद रोबोट उसे निर्धारित पिकअप विंडो तक पहुंचा देता है। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो से तीन मिनट का समय लगता है। कैफे में यात्रियों को कॉफी के अलावा चाय, फ्लेवर्ड मिल्क, सॉफ्ट-सर्व आइसक्रीम और कुछ स्नैक्स भी उपलब्ध होंगे। अलग-अलग मशीनों के साथ काम करने वाला रोबोटिक आर्म ऑर्डर तैयार करने और उसे परोसने की प्रक्रिया को आसान बनाता है।

इस कैफे का एक और दिलचस्प पहलू इसका रोबोटिक आर्म है। जब कोई ऑर्डर नहीं मिलता, तो यह संगीत की धुन पर हाथ हिलाता और थिरकता नजर आता है। इसका अनोखा अंदाज यात्रियों, खासकर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट पर इस पहल से यात्रियों को तकनीक और ऑटोमेशन से जुड़ा नया अनुभव मिलेगा। साथ ही, उड़ान का इंतजार करते समय उन्हें एक ही जगह पर कई तरह के पेय और खाद्य पदार्थों के विकल्प भी मिल सकेंगे।