Punjab

पंजाब में भाजपा पार्षद समेत चार लोगों पर FIR, AAP महिला नेता ने मारपीट और दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

पंजाब के फाजिल्का जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) की एक महिला पदाधिकारी के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में भाजपा पार्षद समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फाजिल्का निवासी मंजू रानी, जो आम आदमी पार्टी से जुड़ी हैं, ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में हाल ही में भाजपा से पार्षद चुने गए सुरेश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री सत्कार योजना और मां-बेटी सत्कार योजना के फॉर्म भरवाने का कार्य किया जा रहा था।

मंजू रानी का कहना है कि जब वह अपने भाई के साथ संबंधित कार्यालय पहुंचीं और योजनाओं के तहत भरे जा रहे फॉर्मों के बारे में जानकारी लेने लगीं, तब उन्होंने वहां की गतिविधियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, घटना में मंजू रानी और उनके भाई को चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरेश कुमार, रमन कुमार, साजन तथा एक अज्ञात महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।