National

विवेकानंद रेड्डी हत्या मामले में ईडी का बड़ा एक्शन, अविनाश रेड्डी समेत छह ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री वाईएस विवेकानंद रेड्डी की हत्या से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में शुक्रवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी और उनके पिता वाईएस भास्कर रेड्डी समेत कई लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, हैदराबाद और कडप्पा में कुल छह स्थानों पर यह कार्रवाई की गई। ईडी ने यह जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में शुरू की है। एजेंसी का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड में दर्ज एफआईआर और दाखिल चार्जशीट से जुड़ा है।

विवेकानंद रेड्डी मार्च 2019 में कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। शुरुआत में मामले की जांच आंध्र प्रदेश पुलिस ने की थी, जिसे बाद में 2020 में सीबीआई को सौंप दिया गया। सीबीआई ने मामले में साजिश और कई लोगों की कथित भूमिका की जांच की। भास्कर रेड्डी को अप्रैल 2023 में गिरफ्तार किया गया था और उन पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया। इस बीच, वाईएसआरसीपी के प्रदेश महासचिव गडिकोटा श्रीकांत रेड्डी ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि छापेमारी का उद्देश्य आंध्र प्रदेश की गठबंधन सरकार से जुड़े गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना है।