Haryana Politics Punjab

पंजाब में डबल-इंजन सरकार की मांग तेज, NCR बैठक में क्षेत्रीय विकास पर बड़ा फोकस: सीएम सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया है कि पंजाब के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल-इंजन सरकार चाहते हैं, जिससे केंद्र की विकास योजनाओं का लाभ सीधे राज्य तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चल रही कल्याणकारी योजनाओं के नतीजे देखकर पंजाब के लोग भी इसी मॉडल को अपनाने की इच्छा जता रहे हैं और आने वाले समय में वहां भी भाजपा का कमल खिलने की संभावना है।

सीएम सैनी ने यह भी कहा कि डबल-इंजन सरकार के तहत केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में तेजी आती है और जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास योजनाएं प्रभावी तरीके से लागू हो रही हैं। इसके अलावा, सैनी ने नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (NCRPB) की 42वीं बैठक में भाग लिया, जहां क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी और तालमेल बढ़ाने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि NCR क्षेत्र के सीमांकन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और 2041 के क्षेत्रीय विकास योजना को अंतिम रूप देने के लिए एक सब-कमेटी गठित की गई है, जो 15 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने बताया कि NCRPB की अगली बैठक दिसंबर के आसपास आयोजित की जाएगी, जिसमें RRTS परियोजना और चार नए ग्रीनफील्ड “नमो सिटी” शहरों के विकास पर भी चर्चा होगी। सीएम सैनी ने एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि बैठक में NCR क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, तेज विकास और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।