Delhi

स्कूलों की बदहाली पर CJP सख्त, दिल्ली सरकार को 15 सितंबर तक का अल्टीमेटम

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। दास ने सरकार को 15 सितंबर तक स्कूलों की स्थिति सुधारने की डेडलाइन दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में काम नहीं हुआ तो पार्टी दोबारा इलाके में अभियान चलाएगी। सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक वीडियो साझा करते हुए सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री फरवरी में छतरपुर की संजय कॉलोनी पहुंची थीं और स्कूलों में सुधार के आश्वासन दिए गए थे। दास के मुताबिक, करीब छह महीने बाद भी जमीनी हालात में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ है।

CJP के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत किए गए कथित सोशल ऑडिट में टिन की छत, खराब फर्श, गंदगी, खराब शौचालय और बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याएं सामने आने का दावा किया गया है। कुछ स्कूलों में कंप्यूटर और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं की कमी तथा मिड-डे-मील की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। दास ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री और नेता अपने बच्चों को ऐसे स्कूलों में पढ़ाना पसंद करेंगे। उन्होंने सरकार से बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और स्थानीय लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा को सुधार के लिए अनिश्चितकाल तक इंतजार नहीं कराया जा सकता।