National

हाईवे यात्रियों के लिए बड़ी राहत: हर 40–60 किमी पर मिलेगी पंचर और रिपेयर सुविधा, NHAI की नई योजना

नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक नई योजना पर काम शुरू किया है, जिसके तहत देशभर के प्रमुख हाईवे नेटवर्क पर हर 40 से 60 किलोमीटर की दूरी पर वाहन मरम्मत और पंचर ठीक करने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस योजना के अंतर्गत हाईवे किनारे बने वे-साइड अमेनिटीज (WSA) सेंटर्स में अब छोटे-बड़े वाहन रिपेयर गैराज भी अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएंगे। ये WSA सेंटर्स पहले से ही यात्रियों के लिए रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, टॉयलेट, ईवी चार्जिंग स्टेशन और ट्रक स्टॉप जैसी सुविधाएं प्रदान करते हैं, और अब इनमें मैकेनिक सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी।

NHAI की सहयोगी संस्था नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) ने सभी फील्ड यूनिट्स को निर्देश दिए हैं कि निर्माणाधीन और प्रस्तावित सभी WSA केंद्रों में यह सुविधा सुनिश्चित की जाए। इस कदम का उद्देश्य उन यात्रियों की परेशानी को कम करना है, जिन्हें अक्सर सुनसान और एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में लंबा इंतजार करना पड़ता है।

सरकार का लक्ष्य देशभर में 700 से अधिक WSA सेंटर्स विकसित करने का है, जिनमें से कई पर काम शुरू हो चुका है और सैकड़ों प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी जा चुकी है। ये सभी सेंटर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किए जा रहे हैं। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को सफर के दौरान त्वरित सहायता मिलेगी, समय की बचत होगी और हाईवे यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन जाएगी।