राष्ट्रपति भवन स्थित प्रसिद्ध अमृत उद्यान 16 अगस्त से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। ‘समर एनुअल्स एडिशन 2026’ के तहत यह उद्यान 15 सितंबर तक लोगों के लिए खुला रहेगा। यहां प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क है, लेकिन घूमने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य है। बिना वैध ऑनलाइन टिकट के प्रवेश नहीं मिलेगा।
करीब 15 एकड़ में फैले अमृत उद्यान में बाल वाटिका, प्लुमेरिया गार्डन, बोन्साई गार्डन, बरगद का झुरमुट और सेंट्रल लॉन प्रमुख आकर्षण हैं। यहां देशी प्रजातियों के साथ कई दुर्लभ और विदेशी फूल-पौधे भी देखने को मिलते हैं। पहले इसे मुगल गार्डन के नाम से जाना जाता था, लेकिन 2023 में इसका नाम बदलकर अमृत उद्यान कर दिया गया। आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास गेट नंबर 35 से होगा। उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा और अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक दिया जाएगा। सोमवार को रखरखाव के कारण यह बंद रहेगा।
फ्री टिकट बुक करने के लिए राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक विजिट पोर्टल visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाएं। अमृत उद्यान का विकल्प चुनकर अपनी सुविधानुसार तारीख और समय का स्लॉट बुक किया जा सकता है। यात्रा से एक दिन पहले सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर खिलाड़ियों और शिक्षकों के लिए विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी रहेगी।


