YouTube 24 अगस्त 2026 से वीडियो व्यूज़ गिनने के अपने तरीके में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नए सिस्टम के तहत किसी वीडियो का पहला फ्रेम प्ले होते ही उसे एक व्यू माना जाएगा। यह नियम दुनिया भर में सभी वीडियो फॉर्मेट पर लागू होगा। इसके बाद लॉन्ग-फॉर्म वीडियो भी Shorts की तरह प्ले या रीप्ले शुरू होते ही व्यू हासिल करेंगे।
YouTube के मुताबिक, इस बदलाव से क्रिएटर्स को अपने कंटेंट की पहुंच और ओवरऑल एक्सपोज़र को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी। कंपनी का कहना है कि क्रिएटर्स लंबे समय से अलग-अलग फॉर्मेट के व्यूज़ को लेकर कम भ्रम और एक समान मेट्रिक की मांग कर रहे थे।
हालांकि, पुराना व्यूज़ सिस्टम पूरी तरह खत्म नहीं होगा। YouTube Analytics में इसे Engaged Views के नाम से बरकरार रखा जाएगा। यह मेट्रिक बताएगा कि वीडियो शुरू होने के बाद कितने दर्शकों ने उसे देखना जारी रखा। YouTube ने स्पष्ट किया है कि नए व्यू काउंट से क्रिएटर्स की कमाई प्रभावित नहीं होगी। रेवेन्यू के लिए Engaged Shorts Views और Engaged Watch Hours महत्वपूर्ण बने रहेंगे। YPP की मौजूदा पात्रता शर्तों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।


