तमिलनाडु की राजनीति और सरकारी कर्मचारियों से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य के पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिनों के पितृत्व अवकाश (Paternity Leave) की घोषणा की है। इसे राज्य में पुरुष कर्मचारियों के लिए पितृत्व अवकाश की दिशा में पहली बड़ी पहल माना जा रहा है। सरकार के इस फैसले से नवजात बच्चों के पिता को जन्म के शुरुआती दिनों में परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
राज्य सरकार के मुताबिक, पुरुष कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पितृत्व अवकाश शुरू करने की मांग की जा रही थी। कर्मचारियों के अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि बच्चे के जन्म के आसपास का समय मां और नवजात शिशु दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
सरकार का मानना है कि इस दौरान पिता की मौजूदगी मां को शारीरिक और भावनात्मक सहयोग देने के साथ-साथ बच्चे की देखभाल में भी अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में 15 दिनों का अवकाश परिवार के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिनों के मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) की सुविधा मिलती है। सरकार के अनुसार, पुरुष कर्मचारियों को पितृत्व अवकाश देने का उद्देश्य पारिवारिक जिम्मेदारियों को साझा करना और बच्चों के पालन-पोषण में पिता की भागीदारी बढ़ाना है।


