बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने वतन लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। वह पिछले दो साल से अधिक समय से भारत में रह रही हैं। हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक वापसी के लिए सरकारी विमान उपलब्ध कराने की मांग की है।
हसीना ने 16 दिसंबर की तारीख इसलिए चुनी है, क्योंकि इस दिन बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश की आजादी की लड़ाई समाप्त हुई थी। उनके प्रवक्ता का कहना है कि जब हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेशी विमान से भारत पहुंची थीं, तो अब उनकी वापसी का इंतजाम करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार है, जब उन्होंने वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।
हालांकि, हसीना की वापसी का रास्ता आसान नहीं है। बांग्लादेश सरकार का रुख उनके खिलाफ सख्त है। एक मंत्री के मुताबिक, अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है। वहीं, भारत से सरकारी विमान भेजने को लेकर किसी आधिकारिक बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक कार्रवाई के मामले में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों से इनकार किया है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उस हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में उनकी प्रस्तावित वापसी पर सबकी नजरें टिकी हैं।


