अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार की ओर से बड़ी राहत की खबर सामने आई है। चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद दो साल का सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को अब शादी करने की अनुमति दे दी गई है। फिलहाल यह मंजूरी भारतीय नौसेना में कार्यरत अग्निवीरों को मिली है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में थलसेना और वायुसेना के अग्निवीरों को भी यह सुविधा मिल सकती है।
दरअसल, अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए शुरुआती चार साल की सेवा के दौरान अविवाहित रहना अनिवार्य है। इसके अलावा दूसरे कार्यकाल यानी सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी के लिए आवेदन करते समय भी अग्निवीर का अविवाहित होना जरूरी है। नए नियमों के अनुसार, चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल का एक्सटेंशन पाने वाले नौसेना के अग्निवीरों को दोबारा सेवा में शामिल होने पर करीब चार सप्ताह की शॉर्ट ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। इसके तुरंत बाद वे शादी कर सकेंगे।
गौरतलब है कि नौसेना के पहले बैच ने अपना चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इनमें से 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर स्थायी नियुक्ति का अवसर दिया गया है, जबकि अन्य पात्र उम्मीदवारों को दो साल का सेवा विस्तार चुनने का विकल्प मिला है। साल 2022 में शुरू हुई अग्निपथ योजना के तहत यह बदलाव अग्निवीरों के लिए अहम राहत माना जा रहा है। हालांकि, फिलहाल शादी की यह अनुमति नौसेना के पात्र अग्निवीरों तक सीमित है।


