National

रेलवे के नए PRS सिस्टम से टिकट बुकिंग होगी 5 गुना तेज, तत्काल टिकट और पूछताछ में मिलेगी राहत

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को बड़े स्तर पर अपग्रेड किया है। नए नेक्स्ट जेनरेशन पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम में 2,200 से अधिक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का डेटा ट्रांसफर किया गया है। इस बदलाव से IRCTC की वेबसाइट और रेलवे के आरक्षण काउंटरों पर टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले के मुकाबले पांच गुना तक तेज होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को पेमेंट फेल होने, सर्वर स्लो होने और पूछताछ के लिए लंबी कतारों जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।

30 साल पुराने सिस्टम की जगह लेगा नया प्लेटफॉर्म

रेलवे का पुराना PRS सिस्टम लंबे समय से OpenVMS प्लेटफॉर्म और पुराने सर्वर पर काम कर रहा था। यात्रियों की बढ़ती संख्या और त्योहारों के दौरान टिकटों की भारी मांग के कारण यह सिस्टम कई बार धीमा हो जाता था। खासतौर पर तत्काल टिकट बुकिंग के समय यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। अब रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) ने माइक्रोसर्विस आधारित क्लाउड नेटिव तकनीक पर नया सिस्टम तैयार किया है। इसकी खासियत यह है कि जरूरत के अनुसार इसकी क्षमता बढ़ाई जा सकती है।

हर मिनट बुक होंगे डेढ़ लाख से ज्यादा टिकट

नए PRS की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज प्रोसेसिंग क्षमता है। पुराने सिस्टम में एक मिनट में करीब 32 हजार टिकट बुक हो पाते थे, जबकि नए सिस्टम की क्षमता डेढ़ लाख से अधिक टिकट प्रति मिनट बताई गई है। इससे तत्काल और सामान्य टिकटों की बुकिंग के दौरान सर्वर पर दबाव कम होगा।

पूछताछ और सीट चयन भी होगा आसान

नया सिस्टम हर मिनट 40 लाख से ज्यादा लाइव पूछताछ को प्रोसेस कर सकता है, जबकि पुराने सिस्टम की क्षमता करीब 4 लाख थी। इसके अलावा यात्रियों को सीट चुनने और कम किराये वाले दिनों की जानकारी प्राप्त करने में भी सुविधा मिलेगी। आधार और OTP वेरिफिकेशन को मजबूत करने से फर्जी बुकिंग और टिकट दलालों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। रेलवे में कंप्यूटरीकृत आरक्षण की शुरुआत 1986 में हुई थी, जबकि ऑनलाइन टिकट बुकिंग 2002 में शुरू हुई। आज करीब 90 फीसदी टिकट ऑनलाइन बुक किए जाते हैं। ऐसे में नया PRS सिस्टम डिजिटल रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।