WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जो फोटो और वीडियो शेयर करने के अनुभव को बदल सकता है। इस अपकमिंग फीचर का नाम Zaps बताया जा रहा है। यह काफी हद तक Instagram के Instants फीचर की तरह काम करेगा। इसकी मदद से यूजर्स अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों को ऐसी फोटो और छोटे वीडियो भेज सकेंगे, जिन्हें रिसीव करने वाला व्यक्ति सिर्फ एक बार ही देख पाएगा। इसके बाद ये कंटेंट अपने आप गायब हो जाएगा।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, Android के WhatsApp बीटा वर्जन 2.26.46.2 में इस नए फीचर के संकेत मिले हैं। इसके लिए ऐप में एक अलग इंस्टेंट कैमरा ऑप्शन दिया जा सकता है। यूजर्स चैट टैब में बिजली के निशान वाले आइकन पर टैप करके कैमरा खोल सकेंगे और तुरंत फोटो या छोटा वीडियो रिकॉर्ड कर भेज सकेंगे।
रिपोर्ट के अनुसार, Zaps फीचर के जरिए केवल पर्सनल चैट ही नहीं, बल्कि ग्रुप और संभावित रूप से चैनल में भी फोटो और वीडियो शेयर किए जा सकेंगे। यूजर्स इन पर इमोजी या टेक्स्ट के जरिए प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे। एक साथ कई Zaps भेजने पर उन्हें एक ग्रुप में दिखाया जा सकता है, जिससे चैट में बार-बार मैसेज आने की परेशानी कम होगी।
इस फीचर में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन मिलने की उम्मीद है, जिससे भेजे गए कंटेंट की प्राइवेसी बनी रहेगी। हालांकि, Zaps फिलहाल डेवलपमेंट के दौर में है और अभी बीटा यूजर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। Meta ने इसकी लॉन्च डेट और अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


