छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। सोमवार (16 नवंबर) को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाएं निर्धारित समय से पहले शुरू होंगी। आमतौर पर सुबह 6 बजे शुरू होने वाली मेट्रो सेवा अब सुबह 4:30 बजे से उपलब्ध रहेगी। यह फैसला छठ पूजा के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों और अन्य पूजा स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिया गया है।
DMRC के अनुसार, सोमवार को नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4:30 बजे रवाना होगी। यात्रियों को ध्यान देना होगा कि नियमित समय-सारणी लागू होने तक सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद सेवाएं सामान्य समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी।
छठ महापर्व के चौथे दिन सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय पूजा का समापन करेंगे। ऐसे में सुबह के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घरों से घाटों की ओर जाने की संभावना है। मेट्रो का समय पहले करने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले दीपावली के अवसर पर भी DMRC ने मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया था। उस दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कुछ लाइनों पर सेवाएं जल्दी शुरू की गई थीं और आखिरी मेट्रो के समय में भी बदलाव किया गया था।


