Uttrakhand

शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, मुखबा में छह माह तक होंगे मां गंगा के दर्शन

उत्तराखंड के प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार तथा धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का समापन हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के अंतिम दर्शन के लिए धाम पहुंचे।

कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति को पारंपरिक उत्सव डोली में विराजमान कर शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव रवाना किया गया। सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच निकली डोली यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मां गंगा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर मंदिर को पांच क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था।

परंपरा के अनुसार डोली मंगलवार रात मार्कंडेयपुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। यहां भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद बुधवार को डोली मुखबा गांव पहुंचेगी। अगले छह महीनों तक मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन मुखबा स्थित मुखीमठ में किए जा सकेंगे।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल के अनुसार कपाट बंद होने के बावजूद मंदिर में तांबे के विशाल दीपक में अखंड ज्योति लगातार प्रज्वलित रहेगी। धार्मिक मान्यता है कि अक्षय तृतीया पर अगले वर्ष कपाट खुलने तक यह ज्योति जलती रहती है। इस वर्ष गंगोत्री धाम में दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।