Delhi

दिवाली पर दिल्ली की हवा हुई जहरीली, 5 साल में सबसे ज्यादा 376 पहुंचा AQI

दिल्ली में इस साल दिवाली के मौके पर जमकर आतिशबाजी हुई, जिसका असर राजधानी की हवा की गुणवत्ता पर देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 दर्ज किया गया। यह 2021 के बाद दिवाली पर दर्ज किया गया सबसे अधिक स्तर है।

दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली। सुबह 10 बजे तक राजधानी के कई इलाकों में धुंध की मोटी चादर छाई रही और AQI 371 दर्ज किया गया। प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली के 51 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 14 पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई, जबकि बाकी केंद्रों पर स्थिति बेहद खराब रही।

आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के आसपास सबसे अधिक 439 AQI दर्ज किया गया। वहीं, दिवाली के दिन दर्ज 376 AQI ने पिछले पांच वर्षों के प्रदूषण रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले 2021 में दिवाली के दौरान दिल्ली का AQI 382 दर्ज किया गया था। हर साल दिवाली के बाद राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ता है। इस बार भी आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।