उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कड़े शब्दों में अनुशासन का पाठ पढ़ाया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई भी कार्यकर्ता किसी व्यक्ति को धमकाता है या यह कहता है कि चुनाव के बाद सरकार बनने पर हिसाब लिया जाएगा, तो उसे तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। दिवाली के अवसर पर सैफई पहुंचे शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में यह निर्देश दिए। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। शिवपाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार और बयानबाजी पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि बीजेपी के लोग साजिश के तहत सपा कार्यकर्ताओं के नाम से धमकी भरे बयान दिलवा सकते हैं, जिससे पार्टी की छवि खराब हो। इसलिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोच-समझकर बोलने की जरूरत है।
शिवपाल की इस सख्ती के पीछे 2022 के विधानसभा चुनाव का अनुभव भी अहम माना जा रहा है। उस चुनाव में सत्ता में वापसी के बाद अधिकारियों से हिसाब लेने और कार्रवाई करने संबंधी बयानों को बीजेपी ने सपा के खिलाफ बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया था। खासतौर पर सुभासपा प्रत्याशी अब्बास अंसारी का वह बयान काफी चर्चित हुआ था, जिसमें उन्होंने सरकार बनने पर अधिकारियों का पहले हिसाब-किताब करने की बात कही थी। गौरतलब है कि अखिलेश यादव भी इससे पहले अधिकारियों को लेकर कई बार बयान दे चुके हैं, जिन्हें बीजेपी ने चुनाव प्रचार में उठाया था। ऐसे में सपा नेतृत्व इस बार किसी भी तरह के विवादित बयान से बचना चाहता है। बैठक में शिवपाल ने 2027 के चुनाव को समाजवादियों के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के निर्देश दिए। राजनीतिक जानकारों की नजर में शिवपाल की यह चेतावनी संकेत देती है कि सपा इस बार चुनावी मुद्दों के साथ-साथ अपने कार्यकर्ताओं की भाषा, व्यवहार और अनुशासन को भी प्राथमिकता देना चाहती है, ताकि विरोधी दलों को पार्टी के खिलाफ कोई नया मुद्दा न मिल सके।


